नेहरू पार्क को संवारने की याेजना स्मार्ट सिटी कंपनी ने तैयार कर ली है। इसमें टॉय ट्रेन और बोगियों पर ही 27 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। पहले चरण में किए गए 8.23 करोड़ रुपए के टेंडर में ट्रेन के साथ किड्स प्ले एरिया, पाथ-वे, गजीबो सहित 17 काम होंगे। दूसरे चरण में फूड कोर्ट, मल्टीलेवल पार्किंग व अन्य सुविधाएं जोड़ी जाएंगी। 11 एकड़ में फैले नेहरू पार्क को अाठ करोड़ रुपए में विकसित करने की योजना निगम ने बनाई थी।
करीब दाे करोड़ रुपए के काम हो चुके हैं, लेकिन निगम की वित्तीय स्थिति ठीक नहीं होने के कारण पार्क का विकास नहीं हो पा रहा था। अब इसे स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में शामिल कर 8.23 करोड़ के टेंडर कर दिए हैं। अधिकारियों का दावा है कि इसे 56 दुकान से भी खूबसूरत बनाया जाएगा। स्मार्ट सिटी के सीईओ संदीप सोनी ने बताया कार्य को जून तक पूरा करने का अल्टीमेटम काॅन्ट्रैक्टर को दिया है। यहां पर जल्द ही टाइमर लगाया जाएगा।
दूसरे चरण में बनेंगे फूड कोर्ट और मल्टीलेवल पार्किंग
सीईओ ने बताया कि पहले चरण का काम पूरा होने के साथ ही यहां लोगों के लिए फूड कोर्ट और मल्टीलेवल पार्किंग की व्यवस्था भी की जाएगी। इसके अलावा अन्य फीचर भी जोड़े जाएंगे। मेन एंट्रेंस भी भव्य बनेगा, जिस पर 54 लाख से ज्यादा का खर्च आएगा। वाटर वॉल, यूटिलिटी ब्लॉक, बूम बैरियर अाैर अन्य व्यवस्थाएं भी की जाएंगी।
7.50 लाख रुपए में बनेंगे स्टेशन, किड्स प्ले जोन सहित पाथ-वे भी बनेगा
नेहरू पार्क की सबसे बड़ी खूबी यहां चलने वाली टाॅय ट्रेन थी, जो सालों पहले बंद हो गई थी। इस ट्रेन को नई तरह से डिजाइन कर शुरू करने में 27 लाख रुपए का खर्च आएगा। टॉय ट्रेन के स्टेशन भी बनाए जाएंगे, जिन पर करीब 7.50 लाख का खर्च आएगा। नई डिजाइन में विशेष रूप से बच्चों के लिए किड्स प्ले जोन करीब 6.50 लाख रुपए से तैयार किया जाएगा। इसमें 13.50 लाख रुपए में बच्चों के खेलने के संसाधन लगाए जाएंगे। गजीबो पर 10 लाख से ज्यादा खर्च किए जाएंगे। पाथ-वे भी भव्य रूप में तैयार होगा, जिसमें 12 लाख से ज्यादा खर्च आएगा।